कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे पर मिट्टी के गड्ढे में पानी भरने से तीन मासूम बच्चे डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। एक बच्चे ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कुशीनगर। शनिवार सुबह कसया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मैनपुर के टोला दीनापट्टी स्थित एक ईट भट्ठे पर ईट के लिए मिट्टी निकाले गए गड्ढे में बरसात का पानी भरा था जिसमें चार मासूम बच्चे खेलते खेलते गड्ढे में गिर गए। जिसमें से एक बच्चा किसी तरह गड्ढे से निकलकर बाहर आया और परिजनों को सूचना दिया। जिसके बाद मौके पर पहुंच परिजन सभी बच्चों को बाहर निकाले और सीएचसी कसया ले आए। जहां डॉक्टरों ने जांचोपरांत तीनो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे दीनापट्टी गांव स्थित पंकज ईट उद्योग भट्टे पर छत्तीसगढ़ के मजदूर परिवार मजदूरी कर जीवकोपार्जन करते है। घटना के दिन सभी परिजन भट्ठे पर कार्य कर रहे थे वहीं उनके बच्चे अभय (3वर्ष) पुत्र पंचु निवासी फरहदा जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़, अनन्या (7) पुत्री लखन निवासी अकलतारा जिला जांजगीर चांपा बाना छत्तीसगढ़, अनुष्का (ढाई वर्ष) पुत्री सुखन निवासी फरहदा जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक और बच्चे के साथ खेल रहे थे।
खेलते-खेलते ईट बनाने के लिए निकाले गए मिट्टी से बने गड्ढे के समीप पहुंच गए। जहां गड्ढे में बरसात का पानी भरा हुआ था। चारों बच्चे खेलते खेलते पानी में गिर गए। जिसमें से एक बच्ची जैसे तैसे गड्ढे से किसी तरह बाहर निकलकर रोते चिल्लाते काम कर रहे परिजनों के पास गई और बताई। मौके पर पहुंचे परिजन तीनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकालकर सीएचसी कसया लाए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीएचसी पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। इस संबंध में हल्का दरोगा वरुणेश उपाध्याय ने बताया कि भट्ठे पर कार्य करने वाले मजदूर के बच्चे खेल रहे थे और गड्ढे में गिर गए जिससे उनकी मौत गई। तीनों शव को पीएम के लिए भेज विधिक कार्रवाई किया जा रहा है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
News Wani
