प्रयागराज। अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की मौत के बाद प्रयागराज में शुक्रवार को दिनभर गम और भारी सुरक्षा का माहौल बना रहा। अबान का शव तड़के हटवा पहुंचा, जिसके बाद अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे। हटवा, चकिया और कसारी-मसारी कब्रिस्तान के आसपास पुलिस की कड़ी तैनाती रही।
अबान का शव हटवा निवासी उसकी बुआ परवीन कुरैशी के घर पहुंचने के बाद परिवार और परिचितों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे। बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से कुछ स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
उधर, कसारी-मसारी स्थित कब्रिस्तान के बाहर भी लोगों की भीड़ जुटी रही। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने प्रवेश द्वार और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी। करेली, धूमनगंज और पूरामुफ्ती समेत कई थानों की पुलिस को तैनात किया गया।
भाइयों के अंतिम संस्कार में शामिल होने का रास्ता साफ
अबान के भाई उमर और अली को उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मिल गई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दोनों को कस्टडी पैरोल पर अंतिम संस्कार में शामिल कराने का आदेश दिया है। अदालत ने कहा कि किसी व्यक्ति को अपने सगे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।
उमर लखनऊ जिला जेल और अली झांसी जिला जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में प्रयागराज लाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की नियुक्ति के निर्देश भी दिए गए हैं।
कोर्ट ने लगाईं कई शर्तें
अदालत ने स्पष्ट किया है कि उमर और अली अंतिम संस्कार के दौरान किसी सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं करेंगे। उन्हें मीडिया, सोशल मीडिया या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से बातचीत करने की भी अनुमति नहीं होगी। दोनों भाइयों को सुरक्षा घेरे में धार्मिक रस्मों में शामिल कराया जाएगा।
अबान की मौत के बाद प्रयागराज में पुलिस और प्रशासन की निगाहें पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई हैं। हटवा, चकिया और कब्रिस्तान के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत रखा गया है।
News Wani
