खागा, फतेहपुर। ऐरायां विकासखंड के मंडवा गांव के मजरे कल्लूखियां का पुरवा में बारिश के पानी की निकासी बाधित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि एक व्यक्ति द्वारा रास्ते और नाली की जगह पर कथित अतिक्रमण किए जाने के कारण बारिश का पानी रुक गया है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को नायब तहसीलदार ऐरायां प्रतिमा द्विवेदी राजस्व एवं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। नायब तहसीलदार ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित लोगों को सार्वजनिक रास्ते एवं जलनिकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा न डालने की सख्त हिदायत दी।
इसके बाद राजस्व एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में नाली की खुदाई कराकर बारिश के रुके हुए पानी की निकासी शुरू कराई गई। जलनिकासी का रास्ता खुलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
नायब तहसीलदार ने कहा कि सार्वजनिक रास्ते अथवा जलनिकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व टीम की कार्रवाई से मौके पर जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान हो गया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक राजकुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक हरिराम यादव, हल्का लेखपाल महेंद्र कुमार मौर्य, कांस्टेबल दीपक कुमार, बृकेश कुमार, इंद्रवीर सिंह, महिला कांस्टेबल अंजली यादव, निकेता शर्मा, स्वाति साहू तथा रोजगार सेवक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
News Wani
