फतेहपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में युवक को बहाने से सुनसान स्थान पर ले जाकर लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और बेल्ट से बेरहमी से पीटने के मामले में कल्याणपुर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक उमरेड़ी बड़ौरी गांव निवासी विक्रम उर्फ बीनू ने 11 सितंबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 10 सितंबर की शाम करीब सात बजे वह मुरादपुर चौराहे पर अन्ना की दुकान में अपनी मोटरसाइकिल ठीक करा रहा था। इसी दौरान उसका साथी रोहित पटेल वहां पहुंचा।
आरोप है कि तभी हरदौली गांव निवासी नागेश पटेल अपने भतीजे मेघावत पटेल के साथ बोलेरो से वहां आया और घूमने के बहाने विक्रम व रोहित को वाहन में बैठा लिया। दोनों को जैराम नगर स्थित एक सुनसान स्थान पर बनी एक मड़ही में ले जाया गया।
वहां पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर आरोपियों ने विक्रम को वाहन से नीचे उतारा और लोहे की रॉड, लाठी-डंडों तथा बेल्ट से जमकर पीटा। हमले में उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने दबिश देकर नागेश पटेल पुत्र भीखम पटेल, मेघावत पटेल पुत्र स्व. विश्वरूप पटेल, निवासीगण हरदौली, थाना बिंदकी तथा रवि चौहान पुत्र कल्लू चौहान, निवासी डाक बंगला चौराहा, जीटी रोड, थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड और एक बेल्ट बरामद की है। इसके अलावा जामा तलाशी में तीन मोबाइल फोन भी मिले हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार, अजीत सिंह, रिजर्व कांस्टेबल अंकित दुबे, हर्ष मिश्रा, शिवप्रकाश पाल और साहिल मौर्य शामिल रहे।
News Wani
