भुवनेश्वर। भुवनेश्वर में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां दो युवतियों को बाइक से रौंदने और सड़क पर घसीटने के बाद उनके साथ जबरन अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी, जिसमें एक आरोपी की मौत हो गई। यह सनसनीखेज घटना राजधानी के बाहरी इलाके बालीअंता थाना क्षेत्र के भिंगारपुर में हुई।

दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दो युवकों ने पहले बाइक से दोनों युवतियों को टक्कर मारकर गिराने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें सड़क पर घसीटते हुए फरार होने का प्रयास किया। व्यस्त सड़क पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवतियों को सड़क पर घसीटते देख स्थानीय लोग मौके पर दौड़ पड़े। घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने आरोपियों को दबोचा

घटना के बाद सतर्क स्थानीय लोगों ने पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी आडसपुर इलाके के रहने वाले हैं। लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि पुलिस पहुंचने से पहले ही भीड़ ने दोनों युवकों की पिटाई शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई पूरी घटना

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि घटना पूर्वाह्न करीब 11 से 11:30 बजे के बीच हुई। वह अपने काम से भिंगारपुर जा रहा था, तभी उसे तेज आवाज सुनाई दी।

उसने बताया, मैं वापस मुड़ा तो देखा कि दो लड़के दो युवतियों पर हमला कर रहे थे। वे बाइक के पास उन्हें डंडों से मार रहे थे। एक लड़की गिर गई थी और एक युवक उसके सिर व शरीर पर बेरहमी से हमला कर रहा था। जब मैं लड़की को बचाने गया तो दूसरा युवक उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। वह सड़क पर ही उसे पकड़कर जबरन किस कर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि उसने आरोपियों की बाइक की चाबी निकाल ली, ताकि वे भाग न सकें। इसके बाद एक आरोपी झाड़ियों की ओर भाग गया।

उसने आगे कहा, “हमने तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को फोन किया, लेकिन मदद पहुंचने में देर हो रही थी। आखिरकार एक निजी वाहन रोककर घायल महिला को हाईटेक अस्पताल भेजा गया।” प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि आरोपी खुद को प्रभावशाली बताकर धमकी दे रहा था। उसने कहा कि आरोपी बार-बार पुलिस और बड़े लोगों से संबंध होने की बात कह रहा था।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों युवतियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों के मुताबिक, दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

भीड़ की पिटाई में एक आरोपी की मौत

युवतियों के साथ दुर्व्यवहार की खबर फैलते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने दोनों आरोपियों को पकड़कर बुरी तरह पीट दिया। इस दौरान एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही बालीअंता पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। फिलहाल, इस मामले में बालीअंता पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।