नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश की जेल में कैदियों ने वार्डर पर हमला कर दिया। जिला सोलन में उप कारागार किशनपुरा नालागढ़ में यह मामला सामने आया है। पांच कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात जेल वार्डर पर अचानक हमला कर दिया है। इस संबंध में पुलिस थाना मानपुरा में पांच बंदियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं प्रिज़न्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

हिमाचल की किशनपुरा जेल में कैदियों ने वार्डर पर हमला कर दिया।
जेल वार्डर बोला, पांच कैदियों ने एक साथ कर दिया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित कुमार पुत्र हंसराज निवासी गांव थाची, जिला मंडी, जो उप कारागार किशनपुरा में जेल वार्डर के पद पर तैनात हैं, 16 मई को जेल परिसर में निगरानी ड्यूटी पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान बंदी सूर्यातेज पुत्र ईश्वर, दीपक पुत्र दिलबाग, सुनील पुत्र सुरेन्द्र, गुरचरण पुत्र कमल तथा गगन पुत्र विनोद ने एकजुट होकर अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में रोहित कुमार को सिर और पीठ पर चोटें आई हैं।
हवलदार पर भी किया हमला
बताया गया कि जब हवलदार नंद लाल उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे तो आरोपित बंदियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें पहुंचीं। घटना के बाद जेल में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जान से मारने की धमकी भी दी
बाद में ड्यूटी पर तैनात अन्य कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बंदियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ-साथ ड्यूटी कर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस थाना मानपुरा में मामले को लेकर विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
News Wani
