फतेहपुर। पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत जिले के छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि भेजी गई। शनिवार को लखनऊ स्थित लोक भवन सचिवालय में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि भेजे जाने के कार्यक्रम का विभिन्न शिक्षण संस्थानों में लाइव प्रसारण किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी ने बताया कि कक्षा 9-10 के विद्यार्थियों के लिए पूर्वदशम छात्रवृत्ति तथा कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों के लिए दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत धनराशि भेजी गई है। जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
खागा के सुखदेव इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास कृष्णा पासवान की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं आशा सिंह बालिका इंटर कॉलेज खागा में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज बहुआ में विधायक विकास गुप्ता तथा जानकी इंटर कॉलेज बकेवर में विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिले में पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना के तहत सामान्य वर्ग के 449 विद्यार्थियों को 13 लाख 47 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति के 1,387 विद्यार्थियों को 19 लाख 41 हजार 800 रुपये की धनराशि का भुगतान किया गया।
वहीं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत सामान्य वर्ग के 370 विद्यार्थियों को 11 लाख 7 हजार 830 रुपये तथा अनुसूचित जाति के 801 विद्यार्थियों को 9 लाख 30 हजार 693 रुपये की धनराशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने में सहायता प्रदान करना है।
News Wani
