Breaking News

सड़क नहीं, भ्रष्टाचार की परतें उखड़ीं—कुछ दिनों में बिखरी गिट्टियां, ग्रामीण भड़के

 

मोहनलालगंज विकास खण्ड के अंतर्गत नगराम थाना क्षेत्र स्थित बलसिंह खेड़ा गांव में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा हाल ही में कराई गई सड़क निर्माण योजना भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। करोड़ों रुपये की लागत से बनी यह सड़क महज एक सप्ताह में ही उखड़ने लगी है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के अंदर आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से कुछ दिन पूर्व सड़क निर्माण कार्य कराया गया था। शुरुआत में लोगों को उम्मीद जगी थी कि वर्षों पुरानी बदहाल सड़क से छुटकारा मिलेगा, लेकिन नई सड़क की हालत देखकर उनकी उम्मीदें चकनाचूर हो गईं। सड़क की गिट्टियां जगह-जगह से निकल चुकी हैं, सतह टूट रही है और कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले बाइक सवार और पैदल यात्री फिसलकर गिर रहे हैं। बीते दिनों कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं, बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग और ठेकेदार की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और निर्धारित मानकों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। नाम न छापने की शर्त पर कुछ ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई गई थी, लेकिन ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों ने शिकायतों को अनसुना कर दिया। ग्रामीणों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए अब आंदोलन की स्थिति बनती नजर आ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई और दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जिला प्रशासन का घेराव करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा सड़क का दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी धन की इस तरह की बर्बादी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और ग्रामीणों को कब तक सुरक्षित व टिकाऊ सड़क नसीब होती है।

About NW-Editor

Check Also

DMU शेड अपग्रेड, जालंधर को बड़ी सौगात

 जालंधर: 1969 में बना पंजाब का डीजल मोटर यूनिट (डीएमयू) को करीब 300 करोड़ रुपये …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *