Breaking News

बरसात में जलमग्न हुआ जनतारा स्कूल का रास्ता, बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा असर

खागा, फतेहपुर। विजयीपुर विकासखंड क्षेत्र के जनतारा प्राथमिक विद्यालय में बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। विद्यालय परिसर और आसपास पानी भर जाने से छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश होते ही स्कूल के आसपास पानी जमा हो जाता है। रास्ते में जलभराव होने के कारण छोटे बच्चों को विद्यालय पहुंचने में दिक्कत होती है। कई बार बच्चे पानी से होकर स्कूल पहुंचने को मजबूर होते हैं। इससे उनके कपड़े और किताब-कॉपियां भीगने का खतरा बना रहता है। अभिभावक भी बच्चों को स्कूल भेजने में चिंता महसूस करते हैं।

गांव के प्रदीप तिवारी, छोटू, रामनरायण समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या कोई नई नहीं है। प्रत्येक वर्ष बरसात के मौसम में विद्यालय के आसपास जलभराव हो जाता है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई दिनों तक पानी जमा रहता है। इससे विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों के साथ शिक्षकों को भी परेशानी होती है।

ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई। जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा विद्यालय तक जाने वाले रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग भी की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से विद्यालय परिसर और रास्ते से जलभराव दूर कराने के साथ ही नाली निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा से जुड़ी इस समस्या को देखते हुए मामले में जल्द कार्रवाई जरूरी है। यदि समय रहते जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में विद्यार्थियों की पढ़ाई और अधिक प्रभावित होने की आशंका है।

About NW-Editor

Check Also

बिंदकी में महिला की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप

फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कजियाना में संदिग्ध परिस्थितियों में 40 वर्षीय महिला की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *