Breaking News

फतेहपुर में मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, दूषित मिठाई नष्ट और खोया बिक्री पर रोक

फतेहपुर। मिठाइयों में मिलावट कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को विभागीय टीम ने सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अलीपुर बाजार स्थित बृजवासी स्वीट हाउस का दोबारा निरीक्षण किया। पूर्व में लिए गए खोया के नमूने की जांच रिपोर्ट में मानक से विचलन पाए जाने के बाद उसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक खोया में खाद्य तेल की मिलावट की संभावना सामने आई है।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार ने प्रतिष्ठान का पुनः निरीक्षण किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर संचालक ओम प्रकाश को लिखित नोटिस थमाते हुए खोया के निर्माण और बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई।

कार्रवाई के दौरान दुकान पर खोया मौजूद नहीं मिला, लेकिन खोया से तैयार करीब 5 किलोग्राम मिठाई टीम ने दूषित पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट करा दी। साथ ही पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर उसका सर्विलांस नमूना लिया गया, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा।

विभाग की कार्रवाई के बाद आसपास के मिठाई कारोबारियों में भी हड़कंप मचा रहा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने केवल कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया। सचल खाद्य प्रयोगशाला के जरिए राजकीय बालिका विद्यालय, फतेहपुर में छात्राओं को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं को रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों में मिलावट पहचानने के तरीके बताए गए और प्रयोगशाला के माध्यम से फूड टेस्टिंग की जानकारी दी गई।

वर्मा चौराहा के आसपास दुकानदारों ने अपने 22 खाद्य पदार्थों की निशुल्क जांच सचल खाद्य प्रयोगशाला से कराई। जांच में छेना, चीज और मैंगो रोल में स्टार्च की मिलावट पाई गई। टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और मिलावट से बचने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार और अनुराधा मौजूद रहीं।

विभाग ने आम जनता से अपील की है कि अलीपुर स्थित बृजवासी स्वीट हाउस से खोया और खोया से तैयार मिठाइयां न खरीदें। किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका होने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।

About NW-Editor

Check Also

बिंदकी में महिला की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप

फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कजियाना में संदिग्ध परिस्थितियों में 40 वर्षीय महिला की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *