फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कजियाना में संदिग्ध परिस्थितियों में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर मारपीट और हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार कजियाना मोहल्ला निवासी जावेद की पत्नी आसमा की संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के चचेरे भाई ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि उनकी बहन की मौत हो गई है। जब मृतका के परिजन ससुराल पहुंचे तो घरवालों ने बताया कि करंट लगने से उसकी मौत हुई है।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि जावेद की भांजी ने घरवालों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी। परिजनों का कहना है कि ससुराल वाले अक्सर आसमा के साथ मारपीट करते थे। जावेद भी अक्सर दूसरी शादी करने की धमकी देता था।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
