खागा, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नरौली गढ़ा के ग्रामीणों ने गांव के उचित दर विक्रेता सुरेंद्र कुमार पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी अश्विनी पांडेय एवं खाद्य आपूर्ति निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने अधिकारियों को अपनी समस्याएं बताते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि राशन लेने पहुंचने वाले लोगों और महिलाओं के साथ कोटेदार द्वारा कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। आरोप है कि पात्रता के अनुसार राशन न देकर एक यूनिट कम राशन दिया जाता है। विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकाकर वहां से भगा दिया जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद भी उन्हें राशन नहीं दिया जाता। शिकायत करने पर कोटेदार कथित तौर पर यह कहकर दबाव बनाता है कि वे जहां चाहें शिकायत कर लें, अधिकारी उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकते।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों पर कमीशन दिए जाने की बात कहे जाने का भी आरोप लगाया है। इन आरोपों से नाराज ग्रामीणों ने अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, राशन वितरण व्यवस्था की जांच करने तथा दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गरीब और पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए तथा राशन वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस मौके पर गांव के सूरज, नितिन, राम सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
News Wani
