फतेहपुर। जिले में सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव को 29वें अंतरराष्ट्रीय जूनवा अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा। विश्व मानव संघ की ओर से उन्हें यह सम्मान 1 जनवरी 2027 को विश्व मानव दिवस के अवसर पर लखनऊ में प्रदान किया जाएगा। सम्मान की घोषणा के बाद उनके समर्थकों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में खुशी की लहर है।
विश्व मानव संघ के अध्यक्ष प्रवीण भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि डॉ. अनुराग श्रीवास्तव को फतेहपुर में जमीनी स्तर पर सामाजिक गतिविधियों के व्यापक क्रियान्वयन और जनहित में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विश्व मानव दिवस प्रत्येक वर्ष 1 जनवरी को प्राणी एवं पर्यावरण की रक्षा के उद्देश्य से मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय जूनवा अवॉर्ड प्रत्येक वर्ष कला, साहित्य, दर्शन, पर्यटन, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में समर्पण और कठिन परिश्रम के साथ उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को प्रदान किया जाता है। इस वर्ष देश-विदेश के कुल 19 नागरिकों को इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
डॉ. अनुराग श्रीवास्तव लंबे समय से सामाजिक सेवा से जुड़े हुए हैं। वे विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य, रक्तदान, जागरूकता और सेवा कार्यों से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मान के लिए उनके चयन की जानकारी सामने आने के बाद सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। लोगों ने डॉ. अनुराग श्रीवास्तव को बधाई देते हुए उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।
News Wani
