Breaking News

लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर युवाओं का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम आवास पहुंचा मामला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने लखनऊ में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास का घेराव किया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे युवाओं ने लंबे समय से लंबित लाइब्रेरियन पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने की मांग उठाई। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2016 के बाद से प्रदेश में लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती नहीं हुई है। लाइब्रेरी साइंस की डिग्री हासिल करने वाले हजारों युवा लंबे समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने PET-2025 के आधार पर लाइब्रेरियन के पदों पर नई भर्ती निकालने की मांग की है।

362 पदों की अधियाचना के बावजूद भर्ती का इंतजार

प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने बताया कि अधिकारियों के पास लाइब्रेरियन के करीब 362 पदों की अधियाचना पहले से पहुंची हुई है। इसके बावजूद हर बार भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए नई तारीख बता दी जाती है। युवाओं का आरोप है कि कई बार अधिकारियों से मिलने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला।

अभ्यर्थियों के मुताबिक, 14 मई, 2 जून और 19 जून 2026 को भी पिकप भवन का घेराव कर भर्ती की मांग उठाई गई थी। उनका कहना है कि लंबे समय से भर्ती नहीं होने के कारण लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई करने वाले युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है।

लाइब्रेरी एक्ट लागू करने की भी मांग

प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश में लाइब्रेरी एक्ट के प्रभावी अनुपालन की मांग भी उठाई। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर लाइब्रेरी साइंस की निर्धारित योग्यता नहीं रखने वाले कर्मचारियों से लाइब्रेरी का काम कराया जा रहा है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने लाइब्रेरी साइंस की डिग्री हासिल कर सरकारी नौकरी की उम्मीद में वर्षों इंतजार किया है। अब सरकार को जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू कर बेरोजगार युवाओं को अवसर देना चाहिए।

डिप्टी सीएम ने दिया समाधान का भरोसा

प्रदर्शनकारियों ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से मुलाकात कर अपनी मांगों को रखा। उन्होंने अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनने के बाद कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि UPSSSC के अध्यक्ष से इस संबंध में बातचीत की गई है और शासन से लेकर आयोग तक हर स्तर पर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार प्रदेश के छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अभ्यर्थियों की मांग पर उचित रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में UGC के विरोध में सवर्ण मोर्चा का प्रदर्शन, सांसद-विधायकों की निकाली सांकेतिक अर्थी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार को UGC के विरोध में सवर्ण मोर्चा से जुड़े लोगों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *