फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़नपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 24 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बड़नपुर गांव निवासी उमेश पुत्र स्व. सुखराम वर्तमान समय में अहमदाबाद में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी रामवेटी अपनी ससुराल में रह रही थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में रामवेटी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने तत्काल सरकारी एंबुलेंस की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के चाचा अनुज ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर रामवेटी को प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसे जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वहीं, मृतका के जीजा उमेश ने मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
News Wani
