फतेहपुर। भाई की हत्या के मामले में इंसाफ की गुहार लगाते-लगाते सोमवार को एक युवक का सब्र इस कदर टूट गया कि उसने कलेक्ट्रेट परिसर में अपनी जान देने की कोशिश कर डाली। युवक ने खुद को आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की नजर समय रहते उस पर पड़ गई। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसे घेरकर माचिस छीन ली और बड़ा हादसा होने से बचा लिया।
धाता थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बृजेश सोनकर अपनी विधवा भाभी और अन्य लोगों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा था। बृजेश के अनुसार, वर्ष 2023 में जमीन विवाद को लेकर उसके भाई श्याम कुमार की हत्या कर दी गई थी। भाई की मौत के बाद से वह लगातार न्याय की मांग कर रहा है।
बृजेश का कहना है कि पुलिस से लेकर न्यायालय तक अपनी फरियाद पहुंचाने के बाद मामला अदालत में पहुंचा, लेकिन अभी तक उसे इंसाफ नहीं मिला है। युवक का आरोप है कि मुकदमे में लगातार तारीखें पड़ रही हैं और गवाही की प्रक्रिया के दौरान उसे डराया-धमकाया जा रहा है।
इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर युवक ने कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। कलेक्ट्रेट परिसर में उसकी गतिविधियों पर सुरक्षा कर्मियों की नजर पड़ते ही उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप किया। युवक ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया और माचिस अपने कब्जे में ले ली।
सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से गंभीर हादसा होने से टल गया। इसके बाद युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया। घटना को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों के बीच काफी देर तक चर्चा होती रही।
News Wani
