फतेहपुर। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के आदेश और सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए अभियान चलाया। टीम ने नौ प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के तहत बच्चों को परोसी जाने वाली खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया। इस दौरान तैयार सब्जी, रोटी, चावल, गेहूं और आटा समेत कुल नौ निगरानी नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अवधेशनगर, थरियांव, बक्सूपुर, कटोघन, बुधवन, दरवेशाबाद, चकअलीयाबाद, खेलदार और रास्तोगीगंज स्थित विद्यालयों में पहुंचकर एमडीएम की गुणवत्ता और खाद्य सामग्री का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके से नमूने लेकर उन्हें नियमानुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर संचालित पांच दुग्ध वाहनों की भी जांच की। दूध की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर सभी पांच वाहनों से विधिक नमूने लिए गए।
बैरमपुर में रामनारायण के दुग्ध वाहन से भैंस के दूध, मलाका में दीपक पाल के वाहन से भैंस के दूध, कटोघन में रामशंकर सिंह और प्रमोद सिंह के वाहनों से मिश्रित दूध तथा पहनी मोड़ बिंदकी में संजीव सिंह के दुग्ध वाहन से मिश्रित दूध का नमूना लिया गया। सभी पांच नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा कुशवाहा, धीरज कुमार दीक्षित, देवेश मिश्रा, सिद्धार्थ कुमार और दिनेश चंद्र शामिल रहे।
News Wani
