फतेहपुर। ई-रिक्शा और सोलर पंप की बैटरियां चोरी कर उन्हें कबाड़ में खपाने वाले अंतरजनपदीय बैटरी चोर गिरोह पर चांदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को मकदूमपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों की चोरी की 27 छोटी-बड़ी बैटरियां बरामद की गई हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें, औजार और 6,040 रुपये नकद भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आकीब पुत्र साबिर निवासी बड़ाकुवां, थाना बिंदकी, आमिर पुत्र अजहर निवासी लिंक रोड बिंदकी, जावेद पुत्र गुलाम मोहम्मद निवासी जहानपुर थाना बिंदकी और रवि गुप्ता पुत्र सुरेश चंद्र गुप्ता निवासी मदनपुर थाना राधानगर शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने चांदपुर, जाफरगंज, खागा और सुल्तानपुर घोष के साथ ही हमीरपुर जनपद के कोतवाली नगर और मौदहा क्षेत्र में बैटरी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। चांदपुर से शुरू हुई पुलिस की पड़ताल ने कई थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं की कड़ियां जोड़ दीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने चांदपुर क्षेत्र में ई-रिक्शा की चार्जिंग में लगी बैटरियां चोरी करने के साथ ही मौजमजरी स्थित सीमेंट जाली एवं पाप निर्माण फैक्ट्री में ताला तोड़कर पांच बैटरियां, इनवर्टर, ट्रैक्टर जैक और अन्य उपकरण भी चोरी किए थे।
इसके बाद गिरोह ने मकदूमपुर और रूड़ क्षेत्र में ई-रिक्शा को निशाना बनाया। जाफरगंज में ई-रिक्शा से चार बैटरियां, सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में चार बैटरियां और खागा में बैटरी रिक्शा से चार बैटरियां चोरी करने की घटनाओं का भी पुलिस ने खुलासा किया है।
खागा क्षेत्र में नौबस्ता रोड स्थित बड़े हनुमान मंदिर परिसर के सोलर पंप सेट के पंप कक्ष का ताला तोड़कर पांच बैटरियां चोरी करने की घटना भी इसी जांच के दौरान सामने आई।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह के रूप में सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा, सोलर पंप और अन्य वाहनों की बैटरियां चोरी करते थे। चोरी का सामान एकत्र करने के बाद उसे कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धाराओं में बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना चांदपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बृंदावन राय, चौकी अमौली प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक राय साहब यादव, उपनिरीक्षक अंकुर मिश्र, उपनिरीक्षक श्याम बिहारी सिंह, उपनिरीक्षक मो. ताज हसन, हेड कांस्टेबल अंगद राम, कांस्टेबल अजय यादव, कांस्टेबल राज यादव, कांस्टेबल धीरज कुमार सिंह, कांस्टेबल पुनीत यादव, कांस्टेबल श्रीकेश यादव, रिजर्व कांस्टेबल चंदन मौर्य, रिजर्व कांस्टेबल अमन कुमार मौर्य और रिजर्व कांस्टेबल अंकुश यादव शामिल रहे।
News Wani
