खागा, फतेहपुर। विजयपुर विकासखंड क्षेत्र के खेमकरनपुर गांव के पास रविवार शाम ससुर खदेरी नदी में विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। नदी किनारे मगरमच्छ को देखकर लोग सहम गए और शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ ग्रामीणों ने मगरमच्छ का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
कुछ लोग ससुर खदेरी नदी के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी के किनारे पड़े एक बड़े मगरमच्छ पर पड़ी। विशाल मगरमच्छ को देखकर लोग तत्काल नदी से दूर हट गए और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना फैलते ही खेमकरनपुर समेत आसपास के गांवों से ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ के बीच मगरमच्छ कुछ देर तक नदी के किनारे और पानी के आसपास मंडराता रहा। इसके बाद वह पानी में चला गया।
ग्रामीणों का कहना है कि ससुर खदेरी नदी के आसपास लोगों का लगातार आवागमन रहता है। कृषि कार्य के अलावा ग्रामीण विभिन्न जरूरतों के लिए नदी के आसपास पहुंचते हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल है। सबसे अधिक चिंता बच्चों और नदी के आसपास आने-जाने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से नदी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के साथ ही मगरमच्छ की मौजूदगी का पता लगाने और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है।
News Wani
