फतेहपुर। जिले में जमीन संबंधी विवाद का एक मामला सामने आया है। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम नहदइया भैरमपुर निवासी सूरजमुखी पत्नी भोला ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपने खरीदे गए आवासीय प्लॉट पर कब्जा दिलाने और कथित धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई की मांग की है।
डीएम को दिए गए पत्र में पीड़िता के मुताबिक, उसने 27 दिसंबर 2006 को चकवा चौराहा स्थित हथगांव-अंबापुर रोड पर 20 बाई 30 फीट का एक प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि जब वह उक्त जमीन पर निर्माण करा रही थी, तभी राम सिंह के पुत्र रमेश ने उसे छत नहीं डालने दी और विवाद शुरू कर दिया।
इस मामले में वर्ष 2016 में थरियांव थाने में मुकदमा संख्या 12/2016 दर्ज कराया गया था। हालांकि, महिला का दावा है कि अब तक मामले में आरोपपत्र अथवा अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत नहीं की गई है।
सूरजमुखी ने आरोप लगाया कि उसके द्वारा पहले ही खरीदी जा चुकी जमीन का दोबारा बैनामा करा दिया गया। महिला के अनुसार, राम सिंह के पुत्र प्रेम और विक्रेता गुलाब ने कथित तौर पर साजिश के तहत 28 मई 2014 को उसी प्लॉट का बैनामा करा लिया। इसके बाद 4 अगस्त 2014 को प्लॉट के एक हिस्से की भी रजिस्ट्री करा ली गई।
पीड़िता का आरोप है कि विपक्षी उसे अपनी जमीन पर निर्माण नहीं करने दे रहे हैं और प्लॉट पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। उसने यह भी दावा किया कि स्थानीय थाने में शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और उसे कथित तौर पर डांटकर वापस भेज दिया जाता है।
पीड़िता ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
सूरजमुखी ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही कथित रूप से दोबारा बैनामा कराने वाले क्रेता, विक्रेता और गवाहों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने तथा उसके द्वारा खरीदे गए प्लॉट पर कब्जा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
News Wani
