Breaking News

फतेहपुर में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर डीएम सख्त, लापरवाह अधिकारियों के वेतन पर रोक के निर्देश

फतेहपुर। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सद्भाव मंडप के निर्माण में मिली खामियों को दूर नहीं किए जाने और जल निगम ग्रामीण के कार्यों में धीमी प्रगति पर वक्फ विकास निगम के जेई तथा जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

डीएम ने केंद्र और राज्य सरकार की लाभार्थीपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का प्रत्येक माह के अंत तक अनिवार्य रूप से निस्तारण किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय प्रगति की रिपोर्ट समय से अपलोड करने तथा गलत आंकड़ों को संबंधित मुख्यालय से समन्वय स्थापित कर सही कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग बी, सी और डी श्रेणी में है, वे कार्ययोजना बनाकर अपने प्रदर्शन में सुधार करें। वहीं, ए श्रेणी में आने वाले विभाग अपनी रैंकिंग बरकरार रखें।

फैमिली आईडी बनाने में तेजी लाने के निर्देश

फैमिली आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को ईओ और खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। डीसी एनआरएलएम को अधिक से अधिक परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को समय से पशुओं का टीकाकरण कराने और जिला पूर्ति अधिकारी को रिक्त सरकारी राशन दुकानों का नियमानुसार आवंटन सुनिश्चित करने को कहा गया।

लंबित भुगतान जल्द कराने के निर्देश

प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत जिन लाभार्थियों का भुगतान लंबित है, उनका जल्द भुगतान कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, डीसी एनआरएलएम, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर शिकंजा, 300 लीटर दूध नष्ट और 30 किलो तेल सीज

फतेहपुर। दीपावली पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *