Breaking News

फतेहपुर में बिजली के खंभे को लेकर विवाद, बुजुर्ग ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

फतेहपुर। हुसवा कस्बे के मोहल्ला मुतवल्लियाना निवासी बुजुर्ग मोहम्मद शब्बीर पुत्र स्वर्गीय बन्ने ने अपने नवनिर्मित मकान की शटरिंग और स्लैब का कार्य पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बिजली का खंभा हटवाने की मांग एक बार फिर की है। उन्होंने पड़ोस के कुछ लोगों के साथ-साथ ग्राम प्रधान पर बिजली केबल के लिए मकान की दीवार से सटाकर बिजली का खंभा लगवाने तथा विरोध करने पर गाली-गलौज और जानमाल की धमकी देने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उनका पुराना मकान जर्जर हालत में था, जो इस वर्ष बारिश के दौरान ढह गया। इसके बाद उन्होंने उसी स्थान पर नया मकान बनवाना शुरू किया। मकान का ढांचा तैयार हो चुका है और अब शटरिंग लगाकर स्लैब डालने का कार्य होना है, लेकिन दीवार के पास लगे बिजली के खंभे और उससे खींचे गए केबल के कारण निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है।

मोहम्मद शब्बीर का आरोप है कि बिजली केबल के लिए पहले भी उनकी नवनिर्मित दीवार के पास खंभा लगाया गया था, जिसे उन्होंने बिजली विभाग के माध्यम से हटवा दिया था। इसके बावजूद कथित तौर पर दबंगई के बल पर दोबारा खंभा लगा दिया गया।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में भी इस मामले को लेकर हुसवा पुलिस चौकी में समझौता हुआ था। इसमें दीवार से करीब चार फीट दूर सड़क के किनारे बिजली का खंभा लगाने की बात तय हुई थी, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 25 अक्टूबर को ग्राम प्रधान द्वारा भी मौके पर बिजली का खंभा लगवाने का प्रयास किया गया, जिसका उन्होंने विरोध किया। इस संबंध में बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) से जानकारी लेने पर कथित तौर पर विभाग की ओर से खंभा लगाने संबंधी किसी आदेश या स्वीकृति से इनकार किया गया।

पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर दीवार से सटा खंभा हटवाया जाए और उसे सड़क के किनारे दीवार से कम से कम चार फीट दूर स्थापित कराया जाए, ताकि मकान की शटरिंग और स्लैब का कार्य सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके।

इसके साथ ही उन्होंने पुलिस से भी संबंधित लोगों को कथित तौर पर धमकी देने और विवाद करने से रोकने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि बिजली के तारों में करंट होने के कारण निर्माण कार्य के दौरान किसी अप्रिय घटना की संभावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए शिकायत में नामजद लोगों को जिम्मेदार माना जाए।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर शिकंजा, 300 लीटर दूध नष्ट और 30 किलो तेल सीज

फतेहपुर। दीपावली पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *