फतेहपुर। शहर के पीरनपुर कबाड़ी मार्केट के रहने वाले एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर दबंगों पर घर में घुसकर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में अनवर उर्फ भोला पुत्र स्व. मोटू शाह, निवासी कबाड़ी मार्केट पीरनपुर ने बताया कि वह 16 अगस्त की शाम करीब छह बजे कबाड़ का काम करके घर पहुंचा था। तभी मोहल्ले के पुत्तन उर्फ फरीद, अड्डी उर्फ नुमां, साजन उर्फ नुमां के अलावा दबंग महिला गुलनाज उर्फ धुनकी उसके घर आई और गाली-गलौज करने लगी।
विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर घर की महिलाएं और बहू विरोध करने लगीं, जिस पर आरोप है कि सभी के साथ मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि गर्भवती बहू के पेट में भी लात मार दी गई।
पुलिस से शिकायत करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से चले गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि महिला गुलनाज आपराधिक प्रवृत्ति की है और काफी समय से असामाजिक कार्यों में लिप्त है। उसने आरोप लगाया कि विरोध करने पर झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाकर सजा भी दिलवा चुकी है।
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
News Wani
