कर्नाटक के मैसूर में एक परिवार में जश्न का माहौल था, क्योंकि एक दिन बाद ही लड़की की शादी होनी थी. घर-द्वार जगमगा रहा था, लेकिन तभी एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. परिवार के तीन सदस्यों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. इसके बाद परिवार और आसपास के इलाकों में मातम पसर गया. कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें एक युवक के ऊपर संगीन आरोप लगाया गया है.
क्या है पूरी घटना?
मैसूर जिल के टी नरसिपुरा तालुक क्षेत्र केम्पय्याना हुंडी गांव स्थित एक परिवार के तीन सदस्यों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मृतकों में 21 वर्षीय युवती भी शामिल है जिसकी एक दिन बाद शादी होने वाली थी. जिन तीन लोगों ने सुसाइड की, उनकी पहचान शिवन्ना (50), उनकी पत्नी नागरत्ना (45) और उनकी बेटी रक्षिता (21) के रूप में हुई है.
क्यों की आत्महत्या?
पुलिस ने जब इस मामले की जांच की, तो उसे एक सुसाइड नोट मिला. उसमें आरोप लगाया गया कि उसी गांव के एक युवक, उल्लास गौड़ा ने परिवार को मानसिक रूप से परेशान किया था. इसके अलावा आरोपी रक्षिता नाम की युवती को परेशान कर रहा था. बताया गया कि रक्षिता की शादी तय हो चुकी थी. इसके बावजूद आरोपी उस पर और परिवार पर शादी का दबाव बना रहा था. इसके अलावा जांच में ये जानकारी भी मिली कि आरोपी ने उस लड़के को भी उसके झूठे रिश्ते की बात बताई, जिससे उसकी शादी तय हो चुकी थी. बदनामी के डर से परिवार पूरी तरह टूट चुका था. इसी कारण से मां-बाप और बेटी ने सुसाइड कर लिया और शादी की घर मातम में बदल गया.
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
जैसे ही पुलिस की इन बातों की जानकारी हुई, उन्होंने आरोपी उल्लास गौड़ा को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, अभी पुलिस आगे की जांच कर रही है.
News Wani
