Breaking News

देशभर में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के कई जिलों में तेज बारिश, राजस्थान में 41°C तक पहुंचा पारा; MP-बिहार में अलर्ट

नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कहीं तेज बारिश और जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ी है तो कहीं सितंबर के महीने में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

राजस्थान में बढ़ी गर्मी, जैसलमेर में 41°C

राजस्थान में बारिश का दौर कमजोर पड़ने के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि बीकानेर और बाड़मेर में पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। जोधपुर, जयपुर, अजमेर और पिलानी समेत कई शहरों में भी तापमान सामान्य से अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। इस दौरान दिन के तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

यूपी में कई जगह तेज बारिश

उत्तर प्रदेश में बुधवार सुबह लखनऊ, उन्नाव और कानपुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई। बारिश के कारण कई सड़कों और गलियों में पानी भर गया। उन्नाव में शहर के साथ शुक्लागंज क्षेत्र में भी तेज बारिश दर्ज की गई।

राज्य के 41 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सीतापुर में चौका नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों और खेतों में पानी भर गया है। किसान धान की तैयार फसल को बचाने में जुटे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों से अगले दो-तीन दिनों में मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है।

उत्तराखंड में बारिश, केदारनाथ में -3°C

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। केदारनाथ में सुबह तापमान माइनस 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।

राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है।

MP के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। जबलपुर संभाग के छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश में अब तक औसत के मुकाबले करीब 91.5 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। अगले चार दिनों में कई जिलों में बारिश होने से बारिश के आंकड़े में और सुधार होने की संभावना है।

बिहार के 38 जिलों में यलो अलर्ट

बिहार में भी मौसम विभाग ने बुधवार को पूरे राज्य में बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के सभी 38 जिलों में यलो अलर्ट है। कई इलाकों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का असर

बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र का असर भी कई राज्यों के मौसम पर दिखाई दे रहा है। ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है। आने वाले दिनों में इस सिस्टम के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

About NW-Editor

Check Also

बारिश का कहर जारी: MP में नाले में बही कार, 7 की मौत; छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से 4 लोगों की जान गई

देश के कई हिस्सों में मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है, लेकिन बारिश से जुड़े …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *