फतेहपुर। वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न कारणों से दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ पाने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को एक और अवसर दिया गया है। शासन के निर्देश पर शिक्षण संस्थानों के स्तर से त्रुटिपूर्ण आवेदनों को सही करने तथा पात्र एवं अपात्र विद्यार्थियों के डाटा पर आवश्यक कार्रवाई के लिए पोर्टल निर्धारित अवधि के लिए खोला जाएगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी फतेहपुर ने बताया कि निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा 31 अगस्त 2026 को जारी पत्र के माध्यम से इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में कतिपय कारणों से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के भुगतान से वंचित रह गए समस्त वर्गों के दशमोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थियों के मामलों में कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिक्षण संस्थानों द्वारा त्रुटिपूर्ण आवेदनों को सही करने के लिए पोर्टल 16 सितंबर से 19 सितंबर 2026 तक खोला गया है। इस अवधि के दौरान संबंधित शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों के आवेदन एवं अभिलेखों की जांच करते हुए आवश्यक त्रुटियों को ठीक करना होगा।
जांच के बाद योजना के लिए पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों के डाटा को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अग्रसारित किया जाएगा, जबकि अपात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों के डाटा को निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है कि शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक कार्रवाई समय से पूरी कर ली जाए। 19 सितंबर के बाद निर्धारित अवधि समाप्त हो जाएगी, इसलिए संस्थानों को समय रहते त्रुटिपूर्ण आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
News Wani
