फतेहपुर। रात का सन्नाटा अचानक चीख-पुकार और खूनी संघर्ष से टूट गया। औंग थाना क्षेत्र के बिकमपुर गांव में पारिवारिक विवाद के बीच ससुराल पहुंचे दामाद पवन विश्वकर्मा ने कथित तौर पर धारदार हथियार से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते साला, साली और तीन भतीजों समेत पांच लोग घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। हमले के बाद घायलों ने आत्मरक्षा और बीच-बचाव में पवन को काबू करने का प्रयास किया। इसी दौरान पवन को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पवन का साला राजू विश्वकर्मा लापता हो गया, जिससे मामला और उलझ गया है। पुलिस उसकी तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
बताया जाता है कि पवन की पत्नी गुजरात में बच्चों के साथ रहती है और पति-पत्नी के बीच कई वर्षों से विवाद चल रहा था। इसी पारिवारिक खटास के चलते पवन का ससुराल पक्ष से भी विवाद था। बुधवार देर रात पवन बिकमपुर स्थित ससुराल पहुंचा। किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि पवन ने धारदार हथियार से परिवार के लोगों पर हमला कर दिया।
हमले में साले, साली और तीन भतीजों समेत पांच लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चार लोगों को कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।
उधर, हमले के दौरान पवन को रोकने और परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए घायलों ने बीच-बचाव किया। इसी दौरान पवन को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही औंग पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों से जानकारी ली।
एसपी ने बताया कि अब तक की जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों में यह सामने आया है कि पवन ने परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला किया था। घायलों ने बीच-बचाव और आत्मरक्षा में उसे काबू करने का प्रयास किया, इसी दौरान उसे चोटें आईं।
एसपी ने स्पष्ट किया कि पवन को ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से पीट-पीटकर मार डालने का कोई तथ्य अभी तक जांच में सामने नहीं आया है।
घटना के बाद पवन का साला राजू विश्वकर्मा लापता बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय वह कहां था और बाद में कहां गया।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले के हर पहलू की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
News Wani
