इटावा। मत्स्य विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 में संचालित विभिन्न राज्य सेक्टर की योजनाओं का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले 31 जुलाई 2026 तक आवेदन के लिए खोला गया विभागीय पोर्टल अब 5 अगस्त 2026 तक खुला रहेगा। इच्छुक पात्र व्यक्ति निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकते हैं।
सहायक निदेशक मत्स्य ने बताया कि वर्ष 2026-27 में विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम की स्थापना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना तथा माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण परियोजना, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्र में मत्स्यिकी के विकास हेतु नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, उत्तर प्रदेश में मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
इन योजनाओं के अंतर्गत इच्छुक व्यक्तियों के ऑनलाइन आवेदन के लिए विभागीय पोर्टल fisheries.up.gov.in को पहले 16 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक खोला गया था। अब आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 5 अगस्त 2026 कर दी गई है।
विभाग के अनुसार योजनाओं का विवरण, इकाई लागत, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, आवेदन के साथ संलग्न किए जाने वाले आवश्यक अभिलेख तथा अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। पात्र व्यक्ति समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
सहायक निदेशक मत्स्य ने यह भी बताया कि पूर्व के वर्षों में निरस्त अथवा प्रतीक्षारत आवेदन वाले आवेदक भी पुनः आवेदन कर सकते हैं। योजनाओं में भविष्य में किसी प्रकार का संशोधन होने पर संशोधित प्रावधान लागू होंगे।
योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक व्यक्ति मत्स्य विभाग के जनपदीय, मंडलीय तथा मत्स्य निदेशालय के कार्यालयों में किसी भी कार्यदिवस पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने पात्र लोगों से अपील की है कि बढ़ाई गई समय सीमा का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें।

News Wani