फतेहपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में बुधवार को संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से गोंडा एवं बाराबंकी की घटनाओं की निष्पक्ष जांच, पंचायत सहायकों की समस्याओं का समाधान, 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े मामले में न्याय तथा धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि गोंडा एवं अयोध्या में हुई घटनाओं के संबंध में पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले को 13 सितंबर को बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में रोकने के बाद पथराव और हिंसक हमले की शिकायत सामने आई थी। पार्टी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
संगठन ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की।
पंचायत सहायकों की समस्याओं को लेकर पार्टी ने कहा कि लखनऊ के ईको गार्डन में अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए और उनकी जायज मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय ले।
वहीं, 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े मामले में पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा दिए गए आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को नियमानुसार न्याय दिलाने की मांग की गई।
धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों के संबंध में ज्ञापन में सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद और मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद समेत अन्य धार्मिक स्थलों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग उठाई गई। पार्टी ने कहा कि ऐसे मामलों में कानून और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही कार्रवाई की जाए तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव की संभावना को समाप्त किया जाए।
ज्ञापन में सभी मामलों को जनहित, सामाजिक न्याय, कानून-व्यवस्था एवं संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा बताते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई कर समयबद्ध समाधान कराने का अनुरोध किया गया।
इस मौके पर पवन कुमार, राहुल कुमार, अशोक कुमार आजाद, पीयूष गौतम, ब्रजेन्द्र कुमार गौतम, कमर खान, शिव प्रकाश, अजमत अली, राम प्रकाश, मो. हारून, बदरुद्दीन, मो. नाज खान, राजा राम निषाद, मिथिलेश गौतम, राकेश गौतम, विवेक गौतम, जयकिशन रावत, अरुण कुमार, सुरेंद्र पासवान, धर्मराज, राजन गौतम, दिनेश गौतम, जगदीश गौतम, अजमत अली, कुलदीप गौतम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
News Wani
