– सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम एसपी ने सुनी शिकायतें
फतेहपुर। आम जनमानस को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समस्याओं का निदान प्रदान करने के उद्देश्य से तहसील सदर के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल की संयुक्त अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में जन शिकायतों को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी भिटौरा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के सर्वे में शिथिलता/लापरवाही पाए जाने पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। वरासत, भूमि विवाद/अतिक्रमण की शिकायतों पर राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए नियमानुसार निस्तारण कराया जाए। जिलाधिकारी ने समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाए। सदर तहसील में कुल 165 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 12 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया और शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित अधिकारियों को समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने पुलिस अधिकारियों/थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाए और राजस्व से सम्बंधित मामलों में राजस्व अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण करते हुए शिकायतकर्ता का पक्ष सुनकर नियमानुसार त्वरित कार्यवाही की जाए। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस, उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।