महोबा। विकासखंड जैतपुर के अजनर, खमा और अकौना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। तीनों केंद्रों के शिविर में सीएचसी जैतपुर की स्वास्थ्य टीम ने 156 मरीजों का बेहतर उपचार कर उन्हें निशुल्क दवा के सुझाव भी दिये। बारिश के चलते मरीजों की संख्या में इजाफा होने के कारण स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की खासी भीड़ जुटी। इस मौके पर बारिश से होने वाली बीमारियों से बचाव की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार के निर्देश एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर अधीक्षक डॉ. पीके सिंह की देखरेख में अजनर, खमा और अकौना आरोग्य धाम पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। पीएचसी अजनर में ंडाॅ. पवन राजपूत, डॉ. रामकुमार, एएनएम नीतू, स्टाफ नर्स भगवती, शैलेन्द्र द्विवेदी व अरुण की टीम ने 52 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान लैब टेक्नीशियन शैलेन्द्र द्विवेदी ने 7 मरीजों की स्वास्थ्य संबन्धी जांच की। खमा स्वास्थ्य उपकेंद्र पर डॉ. प्रेम नारायण शर्मा, डॉ. जेपी पास्तोर, डॉ. शैलेन्द्र सिंह एवं स्टाफ नर्स किरण की टीम ने 55 मरीजों की सेहत को चेक किया और उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की। वहीं अकौना स्वास्थ्य उपकेंद्र पर तीसरी स्वास्थ्य टीम ने 49 मरीजों का चेकअप किया। तीनो स्वास्थ्य केंद्र में कुल 156 मरीजों का पंजीयन कर उपचार किया गया।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य शिविर का सीएचसी अधीक्षक ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में सर्दी नजला, बुखार, पेट दर्द, उल्टी दस्त की सबसे ज्यादा दिक्कत लोगों को होती है, जिसमें बच्चों की संख्या ज्यादा होती है। कहा कि हमेशा उबालकर या फिल्टर किया हुआ पानी ही पिएं, बाहर का खुला हुआ, बासी या स्ट्रीट फूड खाने से बचें औरहमेशा ताजा और गर्म खाना खाएं साथ ही कटे हुए फल या सब्जियां खुले में न रखें। कहा कि यदि उल्टी, दस्त या तेज बुखार जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर डाक्टर को दिखाएं।

News Wani