Breaking News

विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन अधिग्रहण पर किसानों की चिंता, उचित मुआवजे की उठी मांग, एसडीएम बोले—अभी तो कोई रेट ही तय नहीं हुआ

गाजीपुर। सेवराई विंध्य पूर्वांचल स्पर एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर सेवराई तहसील क्षेत्र के किसानों में नाराजगी है। मुआवजे की दर को लेकर आशंकित सैकड़ों किसान सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।

किसानों का कहना है कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन एक्सप्रेस-वे के लिए उनकी निजी कृषि भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है तो उन्हें वास्तविक बाजार मूल्य के आधार पर उचित मुआवजा मिलना चाहिए। किसानों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जमीन का वास्तविक बाजार भाव सर्किल रेट से काफी अधिक है। ऐसे में केवल सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा निर्धारित होने पर उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

किसानों की मांग का समर्थन करते हुए जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह के पुत्र एवं युवा नेता रितेश सिंह भी किसानों के साथ एसडीएम सेवराई गजराज सिंह यादव से मिले और मांग पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की जमीन ले रही है तो उन्हें बाजार भाव का चार गुना मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही प्रभावित किसानों से सीधे संवाद कर उनकी आपत्तियों और समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

किसानों ने ज्ञापन में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने, भूमि मालिकों के कानूनी अधिकारों का ध्यान रखने तथा जमीन के वास्तविक बाजार मूल्य का आकलन कर उसी के आधार पर मुआवजा निर्धारित करने की मांग की। किसानों ने भूमि के निगोशिएशन के संबंध में तय की जा रही दरों और धनराशि को भी सार्वजनिक करने की मांग उठाई।

वहीं, मुआवजे की दर को लेकर एसडीएम सेवराई गजराज सिंह यादव ने कहा कि अभी आधिकारिक रूप से कोई रेट ही तय नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि किसानों के आपत्ति पत्र प्राप्त हुए हैं और मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान अब्दुल कलाम खान, इमरान खान समाजसेवी, सुभाष यादव, अनिल सिंह, नन्हे सिंह, रजनीकांत सिंह, मिसबाहुद्दीन खान, राम इकबाल सिंह यादव, उपेंद्र यादव, अजय राय, खालिद खान, इमरान खान, फहद खान, अबूबकर खान, औरंगजेब खान सहित बड़ी संख्या में किसान एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

उसिया खास हाल्ट पर यात्री सुविधाएं बदहाल, शौचालय में गंदगी और पानी की कमी से महिलाएं परेशान

  दिलदारनगर (गाज़ीपुर): हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग पर स्थित उसिया खास हाल्ट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *