फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के केवई मोड़ पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से साइकिल सवार 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण बांदा-सागर मार्ग पर पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के केवई गांव निवासी जयकरण का 16 वर्षीय पुत्र शोभित गांव के समीप सड़क किनारे चाट की दुकान लगाता था। सोमवार सुबह वह अपनी ठेली की मरम्मत कराने के लिए बाजार से कील खरीदकर साइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह केवई मोड़ के पास पहुंचा, शहर की ओर से बांदा जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। हालांकि, शाह चौकी के पास बस छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण बांदा-सागर मार्ग पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
जाम की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका।
पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार बस चालक की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
