बस्ती में दरोगा की शादी के दिन एक प्रॉपर्टी डीलर फिल्मी अंदाज में पहुंचा और उसकी होने वाली दुल्हन के साथ 7 फेरे लिए। दरअसल, जिस युवती से दरोगा की शादी तय हुई थी, उसका पिछले 5 साल से प्रॉपर्टी डीलर के साथ प्रेम संबंध था। परिवार वालों ने उसकी शादी दरोगा से तय कर दी। सोमवार को दरोगा बारात ले जाने की तैयारी कर रहा था। दुल्हन पक्ष ने भी सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। मैरिज हॉल सज चुका था। इसी बीच, प्रेमी को दूल्हे का पता मिल गया। वह दरोगा के घर पहुंच गया। वहां उसने दुल्हन के साथ अपने अफेयर के बारे में दरोगा के पिता को बताया। धमकाया कि बारात लेकर मत जाना। पूरी बात जानने के बाद दरोगा के परिवार ने शादी तोड़ दी।
इसके बाद प्रेमी ने युवती के परिजन से बात की, उन्हें शादी के लिए राजी किया और फिर उसी मंडप में प्रेमिका के साथ शादी कर ली। दरोगा के पिता ने कहा- सही समय पर उन्हें लड़की के अफेयर के बारे में पता चल गया, वरना उनका बेटा मुश्किल में पड़ सकता था। पूरा मामला दुबौलिया थाना क्षेत्र का है।
चलिए, पूरा मामला विस्तार से पढ़ते हैं… दुबौलिया थानाक्षेत्र के रहने वाले जॉन मेजर यूपी पुलिस में दरोगा हैं। उनकी पोस्टिंग लखनऊ में है। पिता धर्मराज चौधरी उत्तराखंड में राजकीय इंटर कॉलेज में प्रिंसिपल हैं। 20 अप्रैल को जॉन मेजर की शादी बस्ती कोतवाली क्षेत्र की एक युवती से होने वाली थी। दोनों परिवार शादी की तैयारियां कर चुके थे। रिश्तेदारों में कार्ड भी बंट चुके थे। मेहमान घर आ चुके थे। लड़के के घर बारात निकलने के पहले होने वाली रस्में चल रही थीं। सोमवार को बारात निकलने के कुछ घंटे पहले मेंहदावल थानाक्षेत्र के बड़ी पट्टी का सर्वेश सिंह, दरोगा के घर सुबह करीब 11.30 बजे पहुंचा।
प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले सर्वेश ने दरोगा जॉन मेजर के घरवालों को उनकी होने वाली बहू से अपने अफेयर की बात बताई। कहा कि पांच साल से दोनों का अफेयर चल रहा है। धमकाया कि अगर वे लोग बारात लेकर पहुंचे तो युवती से अपने रिश्ते की बात सबको बताएगा। दरोगा के प्रिंसिपल पिता ने प्रेमी युवक की बात सुनने के बाद लड़की के घर फोन किया। उन्होंने उसके घरवालों से पूरी बात की। कहा कि बारात लेकर नहीं आएंगे। उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया।
दूल्हे से बात करने के बाद दुल्हन के घर पहुंचा युवक: दरोगा के परिवारवालों द्वारा रिश्ता तोड़े जाने के बाद लड़की के घर में हड़कंप मच गया। सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, मेहमान पहुंच चुके थे। इसी दौरान प्रॉपर्टी डीलर अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा। उसने उनके परिजन को शादी के लिए राजी किया। इसके बाद रात में सर्वेश दूल्हा बनकर बारात लेकर पहुंचा। फिर उसी मंडप पर उसने प्रेमिका के साथ सात फेरे लिए।
दरोगा के पिता बोले- मेरा बेटा तो बच गया: दरोगा जॉन मेजर के पिता धर्मराज चौधरी ने कहा- सही समय पर हमें दुल्हन के अफेयर के बारे में पता चल गया। मेरे बेटे की जिंदगी खराब होने से बच गई। उन्होंने बताया कि जब दुल्हन का ब्वॉयफ्रेंड घर आया था तो हमने 112 पर डायल किया था लेकिन हमें कोई कार्रवाई नहीं करनी है। हमने शादी तोड़ दी है।
News Wani
