फतेहपुर जनपद के ललौली थाना क्षेत्र में एक घर में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने 28 अप्रैल की तड़के सुबह घर का ताला तोड़कर लगभग 6 लाख रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। घटना के समय घर के मालिक दंपति बाहर सो रहे थे।
पीड़ित रामकरन पुत्र राजाराम निषाद, ग्राम शंकरपुर मजरे जमेंनी, थाना ललौली, जनपद फतेहपुर के निवासी हैं। जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल को परिवार के अन्य सदस्य बांदा जनपद में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर केवल रामकरन और उनकी पत्नी सावित्री मौजूद थे, जो रात में घर के बाहर सो रहे थे।
28 अप्रैल, मंगलवार की तड़के सुबह करीब 3:00 बजे अज्ञात चोरों ने सुनसान स्थिति का फायदा उठाया। उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने घर के भीतर रखी अलमारी और संदूक को तोड़कर उसमें रखे नगदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह जब पीड़ित दंपति की नींद खुली, तो उन्होंने घर का दरवाजा टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखने पर अलमारी और संदूक टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार, चोरी गए सामान में लगभग ₹30,000 नगद, चांदी के आभूषण (बिछुआ, पायल, चैन, सिक्के), सोने के आभूषण (चैन, झुमकी, बाला, मंगलसूत्र), लगभग 10 किलो देसी घी और करीब 25 नई साड़ियां शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹6 लाख बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राव ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
News Wani
