Breaking News

लाश पर रख दी बाइक ताकि लगे हादसा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल ने खोली पत्नी की साजिश

बीड: महाराष्ट्र के बीड जिले में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने कथित रूप से अपने प्रेमी और उसके एक साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, लिंबागणेश क्षेत्र निवासी किरण सोनवणे का शव कुछ दिन पहले सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव के ऊपर उनकी दोपहिया वाहन भी पड़ी हुई थी, जिससे प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था।

हालांकि घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर पुलिस को संदेह हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि किरण सोनवणे की मौत दुर्घटना में नहीं, बल्कि गला घोंटने के कारण हुई थी। इसके बाद नेकनूर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी प्रियंका सोनवणे और दशरथ परदेशी नामक युवक के बीच कथित प्रेम संबंधों की जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, जिसके बाद पुलिस का संदेह गहराता गया।

पुलिस के अनुसार, आरोप है कि प्रियंका सोनवणे ने अपने प्रेमी दशरथ परदेशी और उसके मित्र धीरज येडे के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई। कथित तौर पर तीनों ने मिलकर किरण सोनवणे की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और उसके ऊपर दोपहिया वाहन रख दी, ताकि मामला सड़क हादसा प्रतीत हो। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच ने इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण तकनीकी सुराग भी मिला। आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने आपस में संपर्क कर योजना के सफल होने की जानकारी साझा की थी। इसी आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए जांच को आगे बढ़ाया। वारदात के बाद तीनों आरोपी कथित तौर पर पनवेल क्षेत्र में छिप गए थे। पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रैक कर विशेष अभियान चलाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले का खुलासा पांच दिनों के भीतर कर लिया गया और सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

बिजली के खंभे से टकराया ट्रेनिंग विमान, बारामती एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास रेड बर्ड एविएशन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *