महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास मानेगांव और पिंपलगांव के बीच हुआ।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे हुई। बोलेरो में सवार लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ट्रक में फंस गई।
दो जेसीबी और क्रेन की मदद से निकाली गई गाड़ी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बोलेरो ट्रक में फंस जाने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वाहन को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी और क्रेन की मदद ली गई।
स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बोलेरो के परखच्चे उड़े
ट्रक की टक्कर से बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को ट्रक से अलग करने के लिए भारी मशीनों का इस्तेमाल करना पड़ा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
एक दिन पहले नांदेड में भी बड़ा हादसा
महाराष्ट्र में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार चिंता बढ़ा रहा है। इससे एक दिन पहले नांदेड जिले में नांदेड-भोकर रोड पर वैन और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
यह हादसा सीताखंडी घाट के पास शाम करीब 7 बजे हुआ था। टाटा मैजिक वैन नांदेड से भोकर की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने हाईवे पर यातायात सुरक्षा और वाहन चालकों की सावधानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
News Wani
