सुल्तानपुर घोष/फतेहपुर। ऐरायां विकासखंड की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर गौती के मजरे दावतपुर गांव में बिजली आपूर्ति व्यवस्था लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। यहां पिछले दो महीनों में करीब पांच बार ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीणों को बार-बार बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा ट्रांसफार्मर भी करीब 15 दिन पहले खराब हो चुका है, लेकिन अभी तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर बदलने के बाद कुछ समय तक बिजली आपूर्ति सामान्य रहती है, लेकिन अधिक भार के चलते दोबारा ट्रांसफार्मर जल जाता है। लगातार हो रही इस समस्या से भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में करीब 55 बिजली कनेक्शन हैं, जबकि आपूर्ति के लिए महज 25 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। उनका आरोप है कि कनेक्शनों की संख्या के मुकाबले ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने के कारण बार-बार खराबी की स्थिति बन रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि मौजूदा ट्रांसफार्मर फुंके हुए करीब 15 दिन बीत चुके हैं। इस दौरान कई बार संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों को समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों में विभागीय व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मामले की जांच कराने के साथ गांव में अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल खराब ट्रांसफार्मर बदलने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। गांव की बिजली जरूरत के अनुसार क्षमता बढ़ाए जाने से ही बार-बार होने वाली खराबी से राहत मिल सकती है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो उन्हें विभागीय अधिकारियों के समक्ष दोबारा शिकायत दर्ज कराने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस संबंध में जेई पीयूष सोनकर ने बताया कि गांव में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के संबंध में उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
News Wani
