Breaking News

बेटी के अफेयर और जादू-टोने के शक में रची साजिश, सगे भाई और सिरफिरे आशिक ने की पतिराम की हत्या

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में हुए चर्चित पतिराम कोल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश को प्रमुख कारण बताया गया है। इस मामले में पुलिस ने तीन नाबालिग समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, अमरपाटन क्षेत्र के ग्राम किरहाई बंधा निवासी पतिराम कोल की शनिवार रात धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण तथा पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी का मृतक की बड़ी बेटी के साथ प्रेम संबंध था। परिजनों को इसकी जानकारी मिलने के बाद युवती का विवाह अन्यत्र तय कर दिया गया, जिससे आरोपी नाराज हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मृतक को अपने संबंधों में बाधा मानते हुए उसके खिलाफ रंजिश पाल ली थी। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि मृतक का बड़ा भाई भी आरोपियों के संपर्क में था। उसे कथित रूप से यह संदेह था कि पतिराम कोल जादू-टोना करता है और उसी के कारण उसके कार्य सफल नहीं हो पा रहे हैं। इसी कारण वह भी मृतक के प्रति नाराजगी रखता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मिलकर पतिराम कोल की हत्या की योजना बनाई। घटना वाली रात आरोपी उसके घर पहुंचे और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर पतिराम कोल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।

एसडीओपी ख्याति मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए तीन नाबालिग आरोपियों को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों को संबंधित विशेष न्यायालय में पेश किया गया। मामले में फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

“पति के बाहर जाते ही ससुराल में नई दुल्हन से दरिंदगी”

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *