फतेहपुर। इंडी गठबंधन की कथित अराजक राजनीति के विरोध में भारतीय जनता पार्टी बुधवार को कानपुर में बड़ी पदयात्रा निकालकर शक्ति प्रदर्शन करेगी। इसमें कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों के भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। फतेहपुर जिले से भी हजारों कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा किया गया है। पदयात्रा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने कहा कि इंडी गठबंधन की अराजकता भरी राजनीति का भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जवाब देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न स्थानों पर विपक्षी गठबंधन के लोगों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि देश की जनता विपक्ष के कथित पाखंड और उसके कार्यों को समझ चुकी है। भाजपा कार्यकर्ता इसका जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि बुधवार को दोपहर ठीक 12 बजे कानपुर के बृजेंद्र स्वरूप पार्क में कार्यकर्ताओं का एकत्रीकरण होगा। पदयात्रा की अगुवाई उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जगदीश भाई पटेल करेंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
News Wani
