फतेहपुर। कोषागार से पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनरों की सुविधा के लिए पांच नवंबर को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर कोषागार स्थित पेंशनर कक्ष में सुबह 10 बजे से लगेगा। इसमें पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के साथ ही इससे संबंधित आवश्यक प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
वरिष्ठ कोषाधिकारी एवं नोडल अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग तथा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर एक से 10 नवंबर तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान-5 संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पांच नवंबर को विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में पेंशन संघ के पदाधिकारियों के साथ बैंक ऑफ बड़ौदा के अग्रणी जिला प्रबंधक और भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के प्रबंधक भी मौजूद रहेंगे।
उन्होंने सभी पेंशनरों से अपील की है कि शिविर में पहुंचते समय अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पीपीओ नंबर और मोबाइल फोन अवश्य साथ लेकर आएं, ताकि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया आसानी से पूरी की जा सके।
News Wani
