खागा, फतेहपुर। किशुनपुर-दांदो पक्के पुल के आसपास ओवरलोड मौरंग लदे वाहनों का आवागमन लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। दिन-रात मौरंग डंपरों के गुजरने से पुल का एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त होकर धंस रहा है। इससे आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। वहीं, तुरती नाले के पास बनाया गया वैकल्पिक मार्ग भी अब हादसों को दावत दे रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मौरंग कारोबार से जुड़े भारी और ओवरलोड वाहन लगातार इस मार्ग से गुजर रहे हैं। वाहनों के अत्यधिक दबाव के चलते किशुनपुर-दांदो पक्के पुल के पास एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त होकर धंस गया है। बताया जा रहा है कि मौरंग कारोबारियों ने धंसे हुए हिस्से में डस्ट और गिट्टी डालकर किसी तरह भराई करवा दी है, ताकि वाहनों का आवागमन जारी रह सके।
उधर, तुरती नाले के पास बनाया गया वैकल्पिक रास्ता भी सुरक्षित नहीं माना जा रहा है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर वैकल्पिक मार्ग किसकी अनुमति से बनाया गया और भारी वाहनों के आवागमन की निगरानी कौन कर रहा है?
ओवरलोडिंग पर रोक लगाने की जिम्मेदारी संभालने वाले विभागों की निष्क्रियता को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने मार्ग की मरम्मत कराने, वैकल्पिक रास्ते को सुरक्षित बनाने और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में एसडीएम अश्वनी पांडेय ने बताया कि पुल निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
News Wani
