फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की बैठक में किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि गांव-गांव जाकर किसानों को एकजुट करने का काम किया जाएगा, जिससे सितंबर माह में संबंधित विभागों को किसानों की समस्याओं से अवगत कराया जा सके। यदि समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो अक्टूबर माह में सतनरैनी रेलवे स्टेशन पर विशाल किसान पंचायत आयोजित की जाएगी।
नहर कॉलोनी के निरीक्षण भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने की। बैठक में उपस्थित नेताओं के साथ किसानों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संगठन को रूबरू कराया। किसानों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बने कृषि फीडरों से रात के समय किसानों के नलकूपों को बिजली नहीं मिल रही है। इसके अलावा निजी दुकानदारों से खाद निर्धारित मूल्य पर दिलाए जाने की मांग भी उठाई गई।
इसके बाद निर्णय लिया गया कि किसानों की समस्याओं को लेकर गांव-गांव जाकर सभी किसानों को एकजुट किया जाएगा। सितंबर माह में संबंधित विभागों को समस्याओं से अवगत कराकर उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। इसके बावजूद यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अक्टूबर माह में सतनरैनी रेलवे स्टेशन पर विशाल किसान पंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बैठक में मो. नदीम निवासी सराय खरगू को युवा विंग का जिला महामंत्री तथा सत्यम सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष विजयीपुर नियुक्त किया गया।
इस मौके पर अंकित सिंह चौहान, पुत्तन द्विवेदी, प्रीतम सिंह, छोटे सिंह, महेंद्र सिंह, बबलू सिंह, दीपक गुप्ता, मो. मुस्ताक, नरसिंह यादव, अजय प्रजापति, मो. आजम, सोनू सिंह, शैलेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, शिववदन सिंह, उमेश आदि मौजूद रहे।
News Wani
