गुवाहाटी की एक लड़की से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने के बाद उसपर कथित रूप से यौन हमला करने तथा उसे ब्लैकमेल करने को लेकर 26 वर्षीय एक व्यक्ति को असम सीआईडी ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार आरोपी देवास का निवासी है तथा उसकी लड़की से 2021 में इंस्टाग्राम पर मुलाकात हुई थी और दोनों दोस्त बन गए थे. वह मार्च 2022 में लड़की से मिलने गुवाहाटी आया और इस दौरान उसने कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया.
पुलिस का कहना है कि बाद में युवक यह धमकी देते हुए उसे वीडियो कॉल पर आने के लिए ब्लैकमेल करने लगा कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह ‘यौन उत्पीड़न’ की तस्वीरें और वीडियो उसके दोस्तों और माता-पिता के साथ साझा कर देगा.पुलिस के मुताबिक 2024 में, युवक फिर से लड़की से मिलने गुवाहाटी आया, लेकिन उसने मिलने से मना कर दिया. पुलिस ने कहा कि इसके बाद आरोपी ने यौन हमले के वीडियो साझा करने के लिए फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाना शुरू कर दिया.
पुलिस के अनुसार लड़की के पिता ने छह अगस्त को शिकायत दर्ज करायी जिसके आधार पर, सीआईडी के साइबर थाने में यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया, क्योंकि अपराध के वक्त वह नाबालिग थी.
पुलिस का कहना है कि सीआईडी की एक टीम ने देवास जाकर 13 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद, आरोपी ने खुद को नाबालिग साबित करने के लिए फर्जी दस्तावेज पेश करके अपनी उम्र गलत बताने की कोशिश की लेकिन सीआईडी टीम उसके स्कूल गई और उसका आयु प्रमाण पत्र हासिल किया, जिसके अनुसार उसकी उम्र 26 साल है. पुलिस ने बताया कि उसे ट्रांजिट रिमांड पर गुवाहाटी लाया जा रहा है और विशेष पॉक्सो अदालत में पेश किया जाएगा.
News Wani
