Breaking News

खून के धब्बे और टूटी चूड़ियों ने प्रेमी की खौफनाक साजिश का किया पर्दाफाश, कुएं में मिली महिला की लाश का खोला राज

पटना। रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र में कुएं से मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह मामला एक ऐसे प्रेम संबंध से जुड़ा निकला, जिसका अंत बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ। बदनामी के डर से प्रेमी ने अपने ही परिजनों के साथ मिलकर विवाहिता प्रेमिका की हत्या कर दी। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के बाघा खोह के पास स्थित एक कुएं से अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया था। शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण मामला और भी पेचीदा हो गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष जांच टीम का गठन किया और तकनीकी साक्ष्यों तथा गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। शव के पोस्टमार्टम में यह स्पष्ट हुआ कि महिला की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर संदिग्ध लोगों की तलाश तेज कर दी। इसी क्रम में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में जो सच्चाई सामने आई, उसने पूरे मामले से पर्दा उठा दिया।

दोनों आंध्र प्रदेश में करते थे मजदूरी

पुलिस के अनुसार मृत महिला की पहचान पायल यादव उर्फ पुनम देवी के रूप में हुई, जो गया जिले की रहने वाली थी। उसकी शादी अरवल जिले में हुई थी। पूछताछ में सामने आया कि पायल का धर्मेंद्र कुमार सिंह नामक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों कुछ समय तक आंध्र प्रदेश में रहकर मजदूरी का काम भी करते थे। इसी दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं लेकिन इसी बीच धर्मेंद्र ने पायल को बिना बताए 20 फरवरी को शादी कर ली।  जब पायल को इसकी जानकारी मिली तो वह सीधे धर्मेंद्र के गांव पहुंच गई।

बताया जाता है कि दोनों के बीच बातचीत के दौरान धर्मेंद्र के परिवार वालों को इस संबंध की भनक लग गई। परिवार के लोगों को डर था कि इस रिश्ते के उजागर होने से गांव और समाज में बदनामी होगी। इसी भय से धर्मेंद्र और उसके परिजनों ने मिलकर एक खौफनाक साजिश रची। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने पायल को बहाने से खेत की ओर ले जाया और वहां धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को बाघा खोह के पास स्थित कुएं में फेंक दिया गया।

हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद

मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने धर्मेंद्र कुमार सिंह, उपेंद्र कुमार उर्फ अभिषेक कुमार, नकुल सिंह, संटु सिंह और कामेश्वर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं। एसपी रौशन कुमार ने बताया कि सभी आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच और टीमवर्क की वजह से पुलिस इस जघन्य हत्या की गुत्थी सुलझाने में सफल रही।

About NW-Editor

Check Also

“क्या है 31 साल पुराना मामला जिसमे आधी रात हंगामे के बाद पप्पू यादव गिरफ्तार: बोले— ‘पुलिस मुझे मार सकती है’”

पटना : बिहार के पटना में शुक्रवार देर रात उस समय बड़ा हंगामा मच गया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *