Breaking News

8 साल से भर्ती का इंतजार, JE अभ्यर्थियों ने आयोग से मांगा विज्ञापन; UPSSSC कार्यालय पर जुटे करीब 100 युवा

लखनऊ। अवर अभियंता (JE) भर्ती का लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों ने बुधवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। करीब 100 अभ्यर्थी पिकप भवन पहुंचे और इलेक्ट्रिकल व मैकेनिकल ट्रेड में भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि JE भर्ती का अधियाचन करीब तीन साल पहले आयोग को भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। अभ्यर्थियों के मुताबिक वे पिछले कई वर्षों से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

कई बार आयोग पहुंच चुके हैं अभ्यर्थी

प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने बताया कि पिछले दो महीनों में वे करीब 15 से 16 बार आयोग के अधिकारियों से अपनी मांग रखने पहुंच चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें भर्ती विज्ञापन जारी होने की निश्चित तारीख नहीं बताई गई है।

अभ्यर्थी अवनीश प्रजापति के मुताबिक वर्ष 2023 में JE भर्ती का अधियाचन आयोग को भेजा गया था। उस समय PET-2023 के आधार पर भर्ती की उम्मीद थी। बाद में PET-2024 नहीं होने के कारण भर्ती को लेकर स्थिति बदलती रही और PET-2025 के आधार पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने की बात सामने आई।

PET-2025 के बाद कई भर्तियां जारी, JE विज्ञापन का इंतजार

अभ्यर्थियों का कहना है कि PET-2025 के आधार पर आयोग की ओर से कई भर्ती विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं। उनके मुताबिक अब तक करीब 23 विज्ञापन सामने आ चुके हैं, लेकिन इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल JE भर्ती का विज्ञापन अभी तक जारी नहीं हुआ है।

अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि जब PET-2025 के आधार पर अन्य पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है तो तकनीकी डिप्लोमा धारकों के लिए JE भर्ती का विज्ञापन कब जारी होगा।

कभी सिलेबस तो कभी योग्यता का हवाला

अभ्यर्थियों का दावा है कि भर्ती में देरी को लेकर आयोग के अधिकारियों से बातचीत के दौरान अलग-अलग कारण बताए गए। कभी सिलेबस और कभी शैक्षिक योग्यता से जुड़ी प्रक्रिया का हवाला दिया गया। बाद में PET को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं होने से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ती गई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे लगातार अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन भर्ती की समयसीमा को लेकर उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।

जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग

अभ्यर्थियों ने आयोग के सचिव से मुलाकात कर JE इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल पदों पर भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से तैयारी कर रहे युवाओं को भर्ती प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि PET-2025 के आधार पर प्रस्तावित JE भर्ती की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक की जाए, देरी के कारण स्पष्ट किए जाएं और भर्ती प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाया जाए। उनका कहना है कि आठ साल से इंतजार कर रहे तकनीकी अभ्यर्थियों के लिए अब भर्ती प्रक्रिया शुरू होना बेहद जरूरी है।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में बाढ़ का कहर: 40 हजार घरों में घुसा पानी, 3 लाख लोग प्रभावित; नावों से हो रही आवाजाही

ढ़ का कहर: 40 हजार घरों में घुसा पानी, 3 लाख लोग प्रभावित; नावों से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *