लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को तेज बारिश के बीच 50 से अधिक अभ्यर्थियों ने लाइब्रेरियन पदों पर भर्ती की मांग को लेकर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। अलग-अलग जिलों से पहुंचे युवाओं ने सुबह करीब सात बजे से आवास के बाहर डटे रहकर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2016 के बाद से लाइब्रेरियन के पदों पर कोई नई भर्ती नहीं हुई है। लाइब्रेरी साइंस की डिग्री हासिल करने के बाद बड़ी संख्या में युवा लंबे समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने PET-2025 के आधार पर लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती निकालने की मांग की।
हाथ जोड़कर बोले- सर, नौकरी चाहिए
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक जब अपने आवास से बाहर निकले तो प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने उनसे मुलाकात की। कुछ युवाओं ने हाथ जोड़कर नौकरी की मांग रखी। अभ्यर्थियों ने कहा कि वे लंबे समय से भर्ती की उम्मीद लगाए बैठे हैं और लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वे इससे पहले 25 अगस्त को भी डिप्टी सीएम से मुलाकात कर चुके हैं। उस दौरान डिप्टी सीएम ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष से फोन पर उनकी बातचीत कराई थी। हालांकि, अभ्यर्थियों के अनुसार बातचीत के बाद भी भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
362 पदों की अधियाचना मिलने का दावा
अभ्यर्थियों ने बताया कि अधिकारियों की ओर से उन्हें जानकारी दी गई थी कि लाइब्रेरियन के 362 पदों की अधियाचना आयोग को प्राप्त हो चुकी है। इसके बावजूद भर्ती विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि हर बार अगले महीने भर्ती आने का आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है।
प्रयागराज से पहुंचीं अभ्यर्थी शुभम ने बताया कि लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर युवा लगातार आंदोलन कर रहे हैं। 14 मई, 2 जून और 19 जून 2026 को भी अभ्यर्थियों ने संबंधित विभागीय कार्यालय पहुंचकर अपनी मांग उठाई थी।
डिग्रीधारक युवाओं में बढ़ रहा इंतजार
अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में कई स्थानों पर लाइब्रेरी से जुड़े काम ऐसे लोगों से कराए जा रहे हैं, जिनके पास लाइब्रेरी साइंस की संबंधित डिग्री नहीं है। वहीं, योग्य डिग्रीधारक युवा वर्षों से रोजगार का इंतजार कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और आयोग से मांग की है कि लाइब्रेरियन के रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए और PET-2025 के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों को भर्ती में शामिल होने का अवसर दिया जाए।
News Wani
