फतेहपुर। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बकेवर पुलिस ने धमौली गांव में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से जोशीला स्टार ब्रांड के 73 पाउच देशी शराब बरामद किए हैं। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। बरामद शराब की कुल मात्रा 14.6 लीटर बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध देशी और अपमिश्रित शराब के निर्माण, बिक्री तथा परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को बकेवर पुलिस ने ग्राम धमौली में कार्रवाई करते हुए नितेश पाल पुत्र भगौती प्रसाद पाल, निवासी ग्राम धमौली, थाना बकेवर को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से जोशीला स्टार ब्रांड के 73 पाउच देशी शराब बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर थाना बकेवर में मुकदमा अपराध संख्या 142/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष बकेवर बृजेश कुमार यादव, मुसाफा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, कांस्टेबल जयपाल सिंह, रविंद्र कुमार और आशुतोष शामिल रहे।
News Wani
