बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात श्रद्धालुओं से भरा कैंटर हादसे का शिकार हो गया। खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में बसी और बड़ा गांव के बीच कैंटर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 22 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी श्रद्धालु राजस्थान के बागड़ धाम से दर्शन कर बदायूं लौट रहे थे।
हादसा रात करीब एक बजे हुआ। कैंटर के पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल के फार्मासिस्ट मुकेश कुमार के मुताबिक, हादसे के बाद 22 घायल अस्पताल पहुंचे थे। प्राथमिक उपचार के बाद इनमें से 18 घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पीछे से वाहन की टक्कर लगने का दावा
हादसे में घायल कुंवरपाल ने बताया कि कैंटर में सवार अधिकतर लोग रात में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज हुई और कैंटर पलट गया। उन्होंने बताया कि चालक के अनुसार पीछे से आ रहे एक वाहन ने कैंटर में टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दो मृतकों की हुई पहचान
एसपी सूरज कुमार राय के अनुसार, अभी तक मृतकों में सुगड़पाल यादव (40) और राजेश्वर सिंह (42) की पहचान हो सकी है। अन्य मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना फोन के माध्यम से दी गई है।
डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज राय जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्वास्थ्य कर्मियों को घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बागड़ धाम से लौट रहे थे श्रद्धालु
कैंटर में सवार श्रद्धालु राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले स्थित गोगामेड़ी यानी बागड़ धाम में दर्शन करने के बाद बदायूं लौट रहे थे। बागड़ धाम जाहरवीर बाबा गोगा जी महाराज से जुड़ा प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां अगस्त-सितंबर के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
News Wani
