Breaking News

रेप के आरोपी के मददगार भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज

– फरार दरिंदे की पैरवी पड़ी भारी, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
– सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, एक लाख के इनामी की कई राज्यों में तलाश
– गिरफ्तार भाजपा नेता जुगेश सिंह।
खागा, फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र में मंगेतर के सामने युवती से सामूहिक दुष्कर्म और हैवानियत के सनसनीखेज मामले में अब पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी बबलू सिंगरौर के मददगारों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आरोपी को फरारी दिलाने और पुलिस गिरफ्त से बचाने के आरोप में भाजपा नेता जुगेश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। खागा कोतवाली में तैनात दरोगा जय प्रकाश सिंह की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट में जुगेश सिंह पर आरोप है कि उसने बबलू सिंगरौर को भागने में मदद करने के इरादे से दस हजार रुपये ऑनलाइन उपलब्ध कराए। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए भाजपा नेता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि दुष्कर्म कांड के बाद जब पुलिस मुख्य आरोपी बबलू सिंगरौर की तलाश में दबिश दे रही थी। उसी दौरान उसे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और फरारी के दौरान खर्च के लिए भाजपा नेता जुगेश सिंह ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए दस हजार रुपये भेजे। पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और बैंकिंग ट्रेल मिलने के बाद इस कड़ी की पुष्टि हुई। इसके बाद दरोगा जय प्रकाश सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। सूत्रों के मुताबिक पुलिस यह भी खंगाल रही है कि फरार आरोपी को राजनीतिक संरक्षण देने वाले और कौन-कौन लोग हैं। कॉल डिटेल, बैंक खातों और मोबाइल लोकेशन के जरिए पुलिस फरारी नेटवर्क की पूरी चेन खंगालने में जुटी है। मुख्य आरोपी बबलू सिंगरौर की गिरफ्तारी में नाकाम पुलिस और प्रशासन ने उसके आर्थिक व रसूख तंत्र पर चोट करते हुए बड़ी बुलडोजर कार्रवाई की। खागा तहसील के मौजा बहादुरपुर स्थित गाटा संख्या 2067 की चारागाह यानी सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने ध्वस्त करा दिया। एसडीएम खागा, राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में देर शाम तक चली कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण, बाउंड्री और कब्जे के चिन्ह मिट्टी में मिला दिए गए। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह जमीन सरकारी चारागाह श्रेणी में दर्ज थी, जिस पर आरोपी ने दबंगई के बल पर कब्जा जमा रखा था।

एक लाख का इनामी, यूपी से बाहर भी दबिश: मामले की गंभीरता और बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए फरार आरोपी बबलू सिंगरौर पर घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर अब एक लाख रुपये कर दी गई है। एडीजी प्रयागराज जोन के निर्देश के बाद सात से अधिक पुलिस टीमें उत्तर प्रदेश के साथ-साथ मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली तक संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी पहचान छिपाकर राजनीतिक संपर्कों और नजदीकी रिश्तेदारों की मदद से लगातार ठिकाना बदल रहा है। एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें बैंक खातों, मोबाइल सिम, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस करने में लगी हैं।

मंगेतर के सामने तीन घंटे तक बरपाया था कहर: गौरतलब है कि बीते दिनों खागा कोतवाली क्षेत्र में युवती अपने मंगेतर के साथ रिश्तेदारी जा रही थी, तभी रास्ते में मुख्य आरोपी बबलू सिंगरौर, ललित और युवराज ने दोनों को रोक लिया। मंगेतर को बंधक बनाकर पीटा गया और उसके सामने युवती से घंटों तक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाया, धमकाया और पीड़ित पक्ष से ऑनलाइन रुपये भी ट्रांसफर कराए थे। इस मामले में दो आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं जबकि बबलू अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है।

राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप: भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज होने और गिरफ्तारी की कार्रवाई के बाद जिले की सियासत में भी भूचाल आ गया है। विपक्ष पहले से ही भाजपा पर आरोपी को संरक्षण देने के आरोप लगा रहा था। अब भाजपा पदाधिकारी के खिलाफ सीधे पुलिस कार्रवाई होने से पार्टी संगठन असहज स्थिति में आ गया है। अंदरखाने यह चर्चा भी तेज है कि पुलिस जल्द ही उन चेहरों को भी बेनकाब कर सकती है जिन्होंने आरोपी को बचाने की कोशिश की।

बचेगा नहीं कोई मददगार: एसपी: पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध के आरोपी को संरक्षण देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह राजनीतिक रसूख वाला हो या स्थानीय दबंग, फरारी में मदद, आर्थिक सहयोग या साक्ष्य छिपाने की हर कड़ी पर सख्त कार्रवाई होगी।

About NW-Editor

Check Also

जल सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं: डा. अनुराग

– बुद्ध पूर्णिमा पर रेडक्रास सोसाइटी ने रेलवे स्टेशन में यात्रियों को बांटा जल – …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *